इन राज्यों के लिए खुशखबरी, आज से यहां कम हो जाएंगी पेट्रोल-डीजल की कीमतें
मुंबई: महाराष्ट्र, गुजरात और हिमाचल प्रदेश ने मंगलवार को पेट्रोल और डीजल पर मूल्यवर्धित कर (वैट) में कटौती की घोषणा की, जो आधी रात से प्रभावी होगी। इससे इन तीनों राज्यों में ईंधन की कीमतें कम हो जाएंगी। जहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित महाराष्ट्र और गुजरात ने वैट में चार फीसदी कमी की घोषणा की है, वहीं कांग्रेस शासित हिमाचल प्रदेश ने वैट में एक फीसदी की कटौती की है।
ऑल इंडिया पेट्रोल डीलर्स एसोसिएशन के प्रवक्ता अली दारूवाला ने बताया कि इस कमी के बाद महाराष्ट्र में पेट्रोल और डीजल के दाम क्रमश: 2.33 रुपये प्रति लीटर और 1.25 रुपये प्रति लीटर कम हो जाएंगे। हालांकि राज्य द्वारा ज्यादा लगाए गए विभिन्न सेस में छूट नहीं दी गई है।
यह कदम केंद्रीय वित्तमंत्री अरुण जेटली द्वारा सभी राज्यों को पत्र लिखकर पेट्रोलियम पदार्थो पर राज्यस्तरीय कर में कटौती की गुजारिश के बाद उठाया गया है, जिसके कारण स्थानीय स्तर पर कीमतों में बढ़ोतरी होती है।
मुंबई पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन के अध्यक्ष रवि शिंदे ने कहा कि राज्य में वैट की वर्तमान दर पेट्रोल पर करीब 26 फीसदी और डीजल पर 21 फीसदी है। इसके अलावा कई सेस लगाए जाते हैं, जो कुल नौ रुपये प्रति लीटर है। इसके कारण राज्य स्तर पर पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 50 फीसदी की वृद्धि हो जाती है।

No comments